सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्रीय विद्यालय पौड़ी के 412 छात्र-छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

पौड़ी 20 सितंबर, 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से केंद्रीय विद्यालय पौड़ी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय के 412 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें स्वच्छता, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरुक किया गया।

 

 

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शिविर में बच्चों की नेत्र जांच भी की गयी। जांच में 23 बच्चों में सामान्य दृष्टि दोष की पहचान हुई, जिन्हें अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को आंखों की नियमित जांच कराने तथा आंखों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. कंचन रावत ने छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने, पौष्टिक भोजन लेने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही स्वस्थ आदतों को अपनाने से बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास में मदद मिलती है। विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलती है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बच्चों को जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी गईं। इस पहल से बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी के साथ अभिभावकों और विद्यालय समुदाय में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिला।

इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता बिष्ट, दृष्टि मितिज्ञ नृपेश तिवारी, डॉ. सुमित, फार्मासिस्ट निखिलेश, एएनएम रश्मि सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

 




The post सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्रीय विद्यालय पौड़ी के 412 छात्र-छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *