देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन देहरादून की ओर से आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिले। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में आयोजित इस मेले में 20 से अधिक निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 200 से अधिक युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ।
रोजगार मेले की खास उपलब्धि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत सामने आई, जिसमें 19 युवाओं का दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार के लिए चयन किया गया। विदेश में रोजगार का अवसर मिलने से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
53 युवाओं का ऑन-द-स्पॉट चयन
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 53 युवाओं का ऑन-द-स्पॉट चयन हुआ, जबकि 149 युवाओं को दूसरे राउंड के लिए चयनित किया गया।
उन्होंने बताया कि दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार के लिए आयोजित प्रक्रिया में 300 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट, बजाज कैपिटल और स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड समेत विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए 600 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया।
अन्य जिलों से भी पहुंचे युवा
रोजगार मेले में देहरादून के अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। युवाओं ने अपनी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के अनुरूप उपलब्ध विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए आवेदन किया।
टिहरी गढ़वाल से रोजगार मेले में पहुंचे फारसराम भट्ट ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।
रोजगार मेले में एक ही स्थान पर विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होने से युवाओं को अलग-अलग कंपनियों तक जाने की परेशानी से भी राहत मिली। युवाओं ने कहा कि कौशल और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिलने से उन्हें अपने भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
The post रोजगार मेले में 200 से अधिक युवाओं का चयन, 19 को दुबई में मिला रोजगार का अवसर first appeared on Bharat Uday News.