मियांवाला में ‘जल सृष्टि पार्क’ का सीएम धामी ने किया लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला, देहरादून में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत लगभग 8 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को नए पार्क की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए इसे स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रायपुर क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक सौंदर्य के समन्वय से विकसित यह पार्क बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि पार्क को लोगों को बेहतर वातावरण और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

पुराने तालाब को नहीं मिटाया, किया पुनर्जीवित

मुख्यमंत्री ने पार्क की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता के रूप में यहां मौजूद पुराने तालाब के पुनर्जीवन को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान तालाब को समाप्त करने के बजाय उसका संरक्षण और पुनर्जीवन किया गया, जिससे इस क्षेत्र को नई पहचान मिली है।

तालाब के बीच आकर्षक आइलैंड विकसित किया गया है, जबकि लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही प्राकृतिक वातावरण के बीच एक खूबसूरत स्थल मिलेगा, जहां उन्हें ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’ का अनुभव हो सकेगा।

जल और प्रकृति संरक्षण पर दिया जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और जंगल को केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा माना गया है। ऐसे में पुराने तालाबों और जल स्रोतों का पुनर्जीवन पर्यावरण संरक्षण के साथ–साथ हमारी विरासत को सुरक्षित रखने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास का उद्देश्य केवल कंक्रीट के ढांचे तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण बनाना है जिससे लोगों का जीवन सुगम हो, शहर सुंदर बने और पर्यावरण सुरक्षित रहे।

रायपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को दी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। रायपुर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्य आगे बढ़ाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण के साथ सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम जारी है। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं तथा पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और नई पेयजल लाइनों के विस्तार का कार्य भी किया जा रहा है।

डिफेंस कॉलोनी, सिंयावाला और नेहरू कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किए जाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।

कनेक्टिविटी और पेयजल व्यवस्था पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईटी पार्क से पॉलीटेक्निक होते हुए मंगलूवाला की ओर सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के कार्य भी किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि देहरादून के लगातार विस्तार और बढ़ती आबादी के साथ पेयजल की मांग भी बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए सौंग डैम परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे भविष्य में देहरादून की पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 




The post मियांवाला में ‘जल सृष्टि पार्क’ का सीएम धामी ने किया लोकार्पण first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *