चौबट्टाखाल में विधायक चैंपियनशिप ट्राफी का शुभारंभ

पौड़ी गढ़वाल। युवा कल्याण एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत विधानसभा चौबट्टाखाल में विधायक चैंपियनशिप ट्राफी का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और संयम के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

18 से 24 सितंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की 31 न्याय पंचायतों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत वालीबाल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, मुर्गा झपट, पिट्टू सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीमें तथा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगे सांसद चैंपियनशिप ट्राफी में प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता के प्रथम दिन अंडर-14 बालक वर्ग कबड्डी में रिंगवाड़ी ने मझगांव, जिवई ने पातल, गोर्ली ने सेडियाखाल, रसखिल ने भरोलीखाल तथा कोटा ने फरस्वाड़ी को पराजित किया। जिवई की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में जिवई ने सेडियाखाल, खैरासैंण ने गवाणी, कांडई ने पातल तथा रिंगवाड़ी ने पंचूर को हराकर अगले चरण में जगह बनाई।

इस अवसर पर प्रमुख क्षेत्र पंचायत एकेश्वर पंकज बिष्ट, प्रमुख क्षेत्र पंचायत पोखड़ा संजय गुसाईं, ज्येष्ठ प्रमुख एकेश्वर मुकेश पांथरी, प्रधान संगठन अध्यक्ष एकेश्वर पंकज पोखरियाल, खंड विकास अधिकारी एकेश्वर सौरभ हांडा सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं खेल से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

 

 




The post चौबट्टाखाल में विधायक चैंपियनशिप ट्राफी का शुभारंभ first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *