गांव-गांव चौपाल लगाकर पुलिस टीम कर रही आमजन को नए आपराधिक कानूनों एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

पौड़ी: जनपद में आमजन को कानून के प्रति जागरूक करने तथा बदलते डिजिटल परिवेश में बढ़ते साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा निरंतर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीमें गांव-गांव पहुंचकर स्थानीय नागरिकों के साथ चौपाल आयोजित कर उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, पुलिस सेवाओं और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर रही हैं।

 

​इसी क्रम में आज पौड़ी पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चौपाल और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। चौकी पाबौ पुलिस टीम ने ग्राम बिशल्ड, थाना देवप्रयाग पुलिस ने ग्राम सभा धमंड व ग्राम चमोली सबदरखाल, थाना पैठाणी ने पैठाणी क्षेत्र तथा कलालघाटी पुलिस ने ग्राम जसोदापुर में ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया।

​नए आपराधिक कानूनों और सुविधाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को नए आपराधिक कानूनों, जीरो FIR, नागरिकों के कानूनी अधिकारों तथा पुलिस से संबंधित डिजिटल व आपातकालीन सुविधाओं के बारे में विस्तार से समझाया। पुलिस टीमों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदेहास्पद या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून व नियमों का पालन करें।

​साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील

बढ़ते डिजिटल अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीणों को विशेष रूप से सतर्क किया गया। पुलिस ने साइबर ठगी के नए तरीकों जैसे—फर्जी लिंक, OTP शेयर करना, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, ‘डिजिटल अरेस्ट’, पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड और फर्जी निवेश (इन्वेस्टमेंट) योजनाओं के प्रति जागरूक किया और इनसे बचाव के उपाय बताए।

​हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत करें शिकायत

पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो वह बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।




The post गांव-गांव चौपाल लगाकर पुलिस टीम कर रही आमजन को नए आपराधिक कानूनों एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *