पत्रकारों के हित में धामी सरकार का बड़ा फैसला, 9 परिवारों को ₹5-5 लाख और 3 वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान पेंशन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान पेंशन दिए जाने की भी अनुशंसा की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्राप्त प्रकरणों पर विस्तार से विचार-विमर्श के बाद समिति ने सर्वसम्मति से दोनों प्रस्तावों को स्वीकृति के लिए संस्तुत किया।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के लिए सूचना विभाग संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है तथा नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जा रहा है।

बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।

मुख्य बिंदु

✅ 9 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख आर्थिक सहायता की संस्तुति।

✅ 3 वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रतिमाह सम्मान पेंशन की अनुशंसा।

✅ पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

✅ संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके परिवारों को त्वरित सहायता देने पर जोर।



The post पत्रकारों के हित में धामी सरकार का बड़ा फैसला, 9 परिवारों को ₹5-5 लाख और 3 वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान पेंशन first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *