कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने अपने निम्बूचैड़ स्थित आवास पर बलूनी आर्चरी एकेडमी के प्रतिभाशाली तीरंदाजों और प्रशिक्षक पवन भंडारी को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर देवांश नेगी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने मार्च 2026 में हरिद्वार में आयोजित राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप की अंडर-15 इंडियन राउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा मई 2026 में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
इसके अलावा राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप में याहवी और शौर्य भट्ट ने अंडर-15 मिक्स्ड टीम, अर्नव, विदिशा और तेजस्विनी ने अंडर-10 टीम, आर्ध्या, भाविका और हंसिका ने अंडर-13 बालिका टीम तथा अभिनव, निहित और शौर्य रावत ने अंडर-13 बालक टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाड़ियों के अभिभावकों का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि परिवार का मजबूत समर्थन ही बच्चों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने प्रशिक्षक पवन भंडारी के प्रयासों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में बलूनी आर्चरी एकेडमी के खिलाड़ी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और कोटद्वार को तीरंदाजी के क्षेत्र में नई पहचान दिला रहे हैं।
The post तीरंदाजी के उभरते सितारों को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी ने किया सम्मानित, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह first appeared on Bharat Uday News.