डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

कोटद्वार।विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार स्थित अटल सभागार में भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में सहभागिता कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण और राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने देश की अखंडता एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार एवं आदर्श विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सदैव मार्गदर्शक रहेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता माननीय राज्य मंत्री  ज्योति प्रसाद गैरोला ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके विचार आज भी देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

श्री नलिन भट्ट, प्रदेश मंत्री, भाजपा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का राजनीतिक एवं वैचारिक योगदान भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया, जिसे देश सदैव स्मरण रखेगा।

माननीय राज्य मंत्री श्री ऋषि कण्डवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन सिद्धांतों, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष  राजगौरव नौटियाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष  शशिबाला केष्टवाल, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष  सुनीता देवी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष  गुरुबचन सिंह,  सुरेंद्र आर्या सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।



The post डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *