कैबिनेट मंत्री डाॅ. रावत के नेतृत्व में तिरंगे के रंग में रंगा पैठाणी

हर घर तिरंगा’ यात्रा में युवाओं ने दिखाया जोश, लगे देशभक्ति के नारे

कैबिनेट मंत्री डाॅ. रावत के नेतृत्व में तिरंगे के रंग में रंगा पैठाणी

 चाकीसैंण, तरपालीसैण व माजरा महादेव में उमड़ा जनसैलाब

श्रीनगर/देहरादून, 12 अगस्त 2026 ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तीसरे दिन आज कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के पैठाणी, चाकीसैंण, तरपालीसैंण एवं माजरा महादेव में आयोजित तिरंगा यात्राओं में प्रतिभाग किया। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, महिलाओं, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो उठा।

पैठाणी में डाॅ. रावत ने युवाओं एवं स्थानीय लोगों के साथ पैदल तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाते हुए प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है।

चाकीसैंण, तरपालीसैंण और माजरा महादेव में आयोजित तिरंगा यात्राओं में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। डाॅ. रावत ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हम सभी को एक सूत्र में बांधता है और देश के प्रति कर्तव्यों का बोध कराता है। तिरंगा यात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण और देश की प्रगति के प्रति पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है।

सैकड़ों लोगों ने थामा भाजपा का दामन

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के कई लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कनाकोट, काण्डा, पैलार एवं सरणा गांव से भाजपा में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर डाॅ. रावत ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूती मिलेगी तथा जनसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

 

 



The post कैबिनेट मंत्री डाॅ. रावत के नेतृत्व में तिरंगे के रंग में रंगा पैठाणी first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *