मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनपद में सड़कों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार एवं पैचवर्क कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क मरम्मत, गड्ढा भरान, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बने गड्ढों का प्राथमिकता से भरान किया जाए तथा पैचवर्क कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने भुवनेश्वरी मंदिर जाने वाले मार्ग के प्रारंभिक हिस्से का निरीक्षण करते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर पानी जमा होने से उसे नुकसान पहुंचता है, इसलिए पानी की निकासी इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। जहां पुरानी नालियां मलबे से अवरुद्ध हैं, वहां उनकी सफाई एवं मरम्मत कराने के साथ आवश्यकता के अनुसार नई नालियों का निर्माण किया जाए। उन्होंने सड़क किनारे झाड़ियों का कटान और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
घुड़दौड़ी से आगे डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव वाले स्थान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे लगे अवैध साइन बोर्ड हटाने को भी कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा पैचवर्क सहित अन्य मरम्मत कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर कमियां पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर पेचवर्क संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी करते हुए नियमित निरीक्षण किया जाए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
The post मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में ज़ोर शोर से चल रहा सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान; जिलाधिकारी ने सड़क सुधार एवं पैचवर्क कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश first appeared on Bharat Uday News.