एकेश्वर ब्लॉक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड एकेश्वर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों की ओर से कुल 11 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर की अध्यक्षता पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की।

शिविर में पीडी डीआरडीए ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद के प्रत्येक विकासखंड में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े तथा उन्हें उनके क्षेत्र में ही आवश्यक जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने आमजन से शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

शिविर में जल निगम एवं जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, सिंचाई एवं लघु सिंचाई, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि एवं भूमि संरक्षण, सहकारिता, ग्राम्य विकास, वन, स्वजल, उद्योग एवं एमएसएमई, महिला एवं बाल विकास, उद्यान, समाज कल्याण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, युवा कल्याण, पंचायती राज, जलागम और पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को संबंधित विभागों की योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, ज्येष्ठ उप प्रमुख मुकेश पांथरी, कनिष्ठ उप प्रमुख सुनीता देवी, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, सहायक खंड विकास अधिकारी राकेश शाह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 




The post एकेश्वर ब्लॉक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *