जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय में डिजिटल यूथ महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न ऑनलाइन फिटनेस एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित डिजिटल यूथ महोत्सव-2026 में जनपद के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज युवाओं की प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा रचनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए खेल, संस्कृति, नवाचार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि डिजिटल यूथ महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल मंच के माध्यम से खेल, फिटनेस, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ सप्ताह में आयोजित फिटनेस एवं सांस्कृतिक चैलेंज की विभिन्न विधाओं में विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किया गया है। चयनित प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 की पुरस्कार राशि भी डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि द्वितीय सप्ताह के फिटनेस चैलेंज (पुश-अप्स/स्क्वाट चैलेंज) में थलीसैंण की जुबिन नौटियाल ने प्रथम, द्वारीखाल के अक्षत ने द्वितीय तथा पौड़ी के सार्थक बडोला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सांस्कृतिक चैलेंज (माई उत्तराखण्ड माई प्राइड) में पोखड़ा की अंजू रावल प्रथम, जयहरीखाल की वांशिका नेगी द्वितीय तथा पोखड़ा की तनुज रावत तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार तृतीय सप्ताह के फिटनेस चैलेंज (स्किपिंग) में यमकेश्वर के अरमान कुमार ने प्रथम, यमकेश्वर की गौरी ने द्वितीय तथा यमकेश्वर के साहिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक चैलेंज (युवा कोरियोग्राफी) में पौड़ी की मानसी नेगी प्रथम, खिर्सू के विकास चंद्र द्वितीय तथा पौड़ी की तनुजा तृतीय स्थान पर रहीं।
चतुर्थ सप्ताह के फिटनेस चैलेंज (फिंगर फिनाले) में पाबौ की मुस्कान नेगी ने प्रथम, द्वारीखाल के अक्षत ने द्वितीय तथा यमकेश्वर के हिमांशु रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सांस्कृतिक चैलेंज (वन मिनट वन स्किल) में द्वारीखाल के आयुष सिंह प्रथम, यमकेश्वर के अंकित द्वितीय तथा यमकेश्वर के सचिन सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि जनपद के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे उचित मंच एवं अवसर प्रदान कर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
The post डिजिटल यूथ महोत्सव में विजेताओं की रही धूम, डीएम ने किया सम्मानित first appeared on Bharat Uday News.