स्वतंत्रता दिवस पर कोटद्वार महापौर शैलेन्द्र रावत ने किया ध्वजारोहण, स्वच्छ कोटद्वार का दिया संदेश

कोटद्वार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर नगर निगम परिसर स्थित मालवीय उद्यान में नगर निगम कोटद्वार के महापौर शैलेन्द्र रावत ने तिरंगा फहराकर राष्ट्र के अमर बलिदानियों को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ कोटद्वार के निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की।

महापौर ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

नगर निगम की ओर से जारी संदेश में नागरिकों से स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग करने, नालियों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने और घरों का कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान अथवा कूड़ा वाहन में ही डालने का आग्रह किया गया है। साथ ही सूखे और गीले कूड़े को अलग-अलग रखने की अपील की गई है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि कूड़ा जलाना कानूनन अपराध है। नागरिकों से सड़कों, पार्कों और नालियों में कूड़ा न डालने तथा कोटद्वार को पॉलिथीन मुक्त बनाने में सहयोग करने को कहा गया है।

बारिश के मौसम को देखते हुए डेंगू से बचाव के लिए लोगों से अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील भी की गई है। इसके अलावा पालतू जानवरों को लावारिस न छोड़ने और नगर निगम द्वारा लगाए गए करों का समय पर भुगतान करने का आग्रह किया गया है।

नगर निगम ने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर कोटद्वार बनाने में नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

नगर निगम कोटद्वार द्वारा हाल के दिनों में डोर-टू-डोर जागरूकता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण तथा “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” जैसे अभियानों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम ने नगरवासियों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ कोटद्वार के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।



The post स्वतंत्रता दिवस पर कोटद्वार महापौर शैलेन्द्र रावत ने किया ध्वजारोहण, स्वच्छ कोटद्वार का दिया संदेश first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *