शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, शिक्षकों के योगदान को किया नमन

*प्रेस विज्ञप्ति*

*दिनांक : 05 सितंब

कोटद्वार। शिक्षक दिवस के अवसर पर आज दिनांक 05 सितंबर 2026 को कोटद्वार स्थित सुंदरियाल वेडिंग प्वाइंट में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण द्वारा किया गया। समारोह में गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई तथा अतिथियों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया।

इस अवसर पर कोटद्वार क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण, राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा निजी शिक्षण संस्थानों का संचालन करने वाले शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, चरित्र और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की रूपरेखा गढ़ने में सबसे पहली गुरु मां होती हैं और उसके बाद गुरुजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं।

गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन-मूल्यों, अनुशासन और जिम्मेदारियों का बोध भी कराते हैं। एक सशक्त, शिक्षित और संस्कारित समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

डॉ. पी.एस. राणा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उनमें संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

डॉ. डी.एस. नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र की भावी पीढ़ी के निर्माता हैं। विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह जैसे आयोजन शिक्षकों के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का सार्थक माध्यम हैं और ऐसे आयोजनों से शिक्षकों का उत्साह एवं मनोबल बढ़ता है।

समारोह में सम्मानित हुए शिक्षकों ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण एवं सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के सम्मान के लिए इस प्रकार का आयोजन उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से निजी शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों को भी सम्मान प्रदान किया जाना सराहनीय पहल है।



The post शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, शिक्षकों के योगदान को किया नमन first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *