शहीद लोकेन्द्र प्रताप की स्मृति में बने स्मृति द्वार का डॉ. धन सिंह रावत ने किया शुभारंभ

रविवार को खिर्सू विकासखंड के ग्राम कटाखोली में देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद राइफलमैन लोकेन्द्र प्रताप की पावन स्मृति में निर्मित स्मृति द्वार का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद लोकेन्द्र प्रताप के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव देशवासियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

डॉ. धन सिंह रावत ने ग्राम कटाखोली में शहीद लोकेन्द्र प्रताप की स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान सप्ताह में भी श्रद्धापूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक एवं धार्मिक अनुभूति प्राप्त की तथा शहीद के परिजनों और ग्रामवासियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि शहीद लोकेन्द्र प्रताप का त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण उत्तराखंड की वीरभूमि की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उनकी स्मृति में निर्मित यह स्मृति द्वार उनके बलिदान की गौरवगाथा को सदैव जीवंत रखेगा और युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा।

डॉ. धन सिंह रावत ने शहीद लोकेन्द्र प्रताप को शत्-शत् नमन करते हुए उनके परिजनों एवं समस्त ग्रामवासियों को स्मृति द्वार के निर्माण के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इससे पूर्व प्रातः डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा पौड़ी जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, खिर्सू मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शहीद के परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



The post शहीद लोकेन्द्र प्रताप की स्मृति में बने स्मृति द्वार का डॉ. धन सिंह रावत ने किया शुभारंभ first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *