आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन में ‘चित्र आधारित काव्य’ कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का सफल समापन

आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में आयोजित तीन दिवसीय ‘चित्र आधारित काव्य’ कला प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का दिनांक 18 अप्रैल 2026 को भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। 16 से 18 अप्रैल तक चले इस सृजनात्मक आयोजन ने विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति कौशल एवं कलात्मक प्रतिभा को नई दिशा प्रदान की।

कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति, सुप्रसिद्ध कलाकार एवं साहित्यकार श्री देवेंद्र नैथानी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि, “विद्यार्थियों में अद्भुत कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति की क्षमता है। यदि उन्हें सही दिशा और मंच मिले, तो वे कला और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे सकते हैं। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और रचनात्मकता का परिचय दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है।”

समापन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा निर्मित चित्र एवं काव्य की प्रदर्शनी ने सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकगण एवं अभिभावकों को अत्यंत प्रभावित किया। अभिभावकों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ाया। विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

प्राइमरी वर्ग में बेस्ट ड्राइंग के लिए अधीक्षिता कक्षा 2 एवं अजलान कक्षा 4, जूनियर वर्ग में नव्या अग्रवाल कक्षा 7 तथा सीनियर वर्ग में अर्नव रावत कक्षा 9 को श्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त बेस्ट क्रिएटिविटी के लिए विद्यालय के चेयरमैन द्वारा दिव्यांशी जुयाल कक्षा 12 को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने संसाधन व्यक्ति देवेंद्र नैथानी जी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करते हुए कहा कि, “यह कार्यशाला विद्यार्थियों के भीतर छिपी सृजनात्मक प्रतिभा को उभारने का एक सफल प्रयास रही है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और नवाचार की दिशा में भी आगे बढ़ाते हैं।

उन्होंने विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, वीएसएम, कमांडेंट जीआरआरसी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग से यह भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हो पाया है।



The post आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन में ‘चित्र आधारित काव्य’ कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का सफल समापन first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *