सेवा संकल्प बहुउद्देशीय शिविरों की तैयारियों की समीक्षा, व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले बहुउद्देशीय शिविरों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर परियोजना निदेशक, डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आगामी शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

 

परियोजना निदेशक ने निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों का संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक शिविरों में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि यदि विकासखंड मुख्यालय के अतिरिक्त किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर शिविर आयोजित करने से अधिक संख्या में लोगों को लाभ मिल सकता है, तो ऐसे स्थानों का चयन कर उसकी सूचना समय से जिला मुख्यालय को उपलब्ध करायी जाए।

उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाले नागरिकों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करायी जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविरों में सक्रिय सहभागिता करने के निर्देश भी दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर पौड़ी में 24 सितंबर, कोट में 28 सितंबर, पाबौ में 30 सितंबर, पोखड़ा में 1 अक्टूबर, थलीसैंण में 3 अक्टूबर, बीरोंखाल में 6 अक्टूबर, द्वारीखाल में 10 अक्टूबर, दुगड्डा में 13 अक्टूबर, जयहरीखाल में 14 अक्टूबर, कल्जीखाल में 15 अक्टूबर तथा रिखणीखाल में 17 अक्टूबर, 2026 को आयोजित किए जाएंगे।

परियोजना निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 




The post सेवा संकल्प बहुउद्देशीय शिविरों की तैयारियों की समीक्षा, व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *