ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया स्माईलो हरितालिका तीज महोत्सव का शुभारंभ

कोटद्वार 06 सितंबर 2026 कृष्ण वेडिंग प्वाइंट, कुम्भीचौड़ में स्माईलो हरितालिका तीज महोत्सव 2025–26 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में तीज कमेटी एवं क्षेत्रीय महिला मंगल दल द्वारा स्वागत गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी संस्कृति और प्रतिभा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने गोरखाली समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोरखा समाज ने देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट अपने अदम्य साहस, वीरता और पराक्रम के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है।

उन्होंने गोरखा वीरों के शौर्य एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने गोरखाली समाज की सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं को संरक्षित रखने और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ऋतु खण्डूडी भूषण ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की तथा आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में नगर निगम कोटद्वार के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत सहित तीज कमेटी की अध्यक्ष रीना थापा, सचिव पूजा क्षेत्री, कोषाध्यक्ष प्रभा गुरंग, सदस्य दिव्या गुसाईं एवं गीता भण्डारी सहित बड़ी संख्या में गोरखाली समाज की महिलाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




The post ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया स्माईलो हरितालिका तीज महोत्सव का शुभारंभ first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *