कोटद्वार। कोटद्वार के बालासौड़ वार्ड संख्या 70 निवासी, साहित्य एवं शिक्षाजगत से जुड़ीं डॉ. सुनीता डंडरियाल को काशी हिंदी विद्यापीठ, वाराणसी, उत्तर प्रदेश द्वारा ‘विद्यासागर’ ( डी . लिट.समतुल्य) मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें साहित्य, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। डॉ. सुनीता डंडरियाल लंबे समय से शिक्षा एवं साहित्य और ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय रहकर समाज को प्रेरित करने का कार्य कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि डॉ. सुनीता डंडरियाल इससे पूर्व भी ‘विद्यावाचस्पति’ (पी. एच. डी. समतुल्य) की मानद उपाधि से सम्मानित हो चुकी हैं। इसके साथ ही उन्हें साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए ‘दिव्य गंगा सेवा मिशन हरिद्वार’ द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में भी सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. डंडरियाल की उपलब्धि पर उनके परिवार, परिचितों एवं साहित्य जगत से जुड़े लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
डॉ. सुनीता डंडरियाल ने कहा कि सम्मान उन्हें भविष्य में शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देता है।
The post डॉ. सुनीता डंडरियाल को ‘विद्यासागर’ मानद उपाधि से किया गया सम्मानित first appeared on Bharat Uday News.