पौड़ी में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को लगा विशेष शिविर

पौड़ी 20 अगस्त, 2026: पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गुरुवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, पौड़ी परिसर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। अभिलेख कार्यालय, बंगाल अभियंता समूह की ओर से आयोजित शिविर में वरिष्ठ अभिलेख अधिकारी कर्नल कुलदीप सिंह की मौजूदगी में पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके प्रकरणों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गयी।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत ने बताया कि शिविर में पेंशन सहित पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों का निराकरण किया गया। संबंधित मामलों के आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अभिलेख कार्यालयों को भेजे गए। उन्होंने बताया कि शिविर में मुख्य रूप से पेंशन संबंधी प्रकरणों का समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अभिलेख कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

शिविर में कुल 68 लाभार्थी पहुंचे, जिनमें 42 पूर्व सैनिक, 23 पूर्व सैनिक विधवाएं तथा तीन पूर्व सैनिकों के आश्रित शामिल रहे। इस दौरान पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न प्रक्रियाओं और प्रकरणों के संबंध में आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करायी गयी।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से संबंधित अभिलेख कार्यालयों के अधिकारियों और पूर्व सैनिकों के बीच सीधे समन्वय स्थापित होने से प्रकरणों के निस्तारण में तेजी आती है।

इस अवसर पर नायब सूबेदार जगदीश मंडल, नायक रजनी मित्रा एवं सिपाही जितेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

 



The post पौड़ी में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को लगा विशेष शिविर first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *