कोटद्वार। शहर से सटे वन क्षेत्रों से निकलकर हाथियों के आबादी और सड़क मार्गों तक पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को पुलिंडा मार्ग पर तीन हाथियों के पहुंचने से कुछ देर के लिए यातायात थम गया। हाथी काफी समय तक सड़क पर ही खड़े रहे, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को इंतजार करना पड़ा।
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए हाथियों को सड़क से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
इधर, ग्रास्टनगंज क्षेत्र में भी हाथी की आवाजाही से स्थानीय लोगों में भय बना हुआ है। शुक्रवार सुबह एक हाथी आबादी क्षेत्र के नजदीक पहुंच गया। हाथी को देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी बचते नजर आए।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पटाखे फोड़कर हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर जंगल की ओर भेजा। वन कर्मियों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। लगातार आबादी क्षेत्र के आसपास हाथियों की मौजूदगी से स्थानीय लोगों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।
The post पुलिंडा मार्ग पर हाथियों का डेरा, ग्रास्टनगंज में भी पहुंचा गजराज; दहशत में लोग first appeared on Bharat Uday News.