कोटद्वार में चला विशेष चेकिंग अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई

कोटद्वार।जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत आज कोटद्वार में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।

एसडीएम ने स्वयं संभाली कमान, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

​अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) संदीप कुमार स्वयं धरातल पर मोर्चा संभाले नजर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर पूरी यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर के प्रमुख मार्गों पर चलाए गए अभियान के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों की जांच की गई। पुलिस एवं ट्रैफिक टीम ने संदिग्ध वाहन चालकों की एल्कोमीटर से जांच भी की। अभियान में बिना हेलमेट वाहन चला रहे चार दुपहिया वाहन चालकों के चालान किए गए। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा हेलमेट का नियमित उपयोग करने के लिए जागरूक किया।

अभियान के दौरान भारी वाहनों के चालकों को भी सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी वाहन चालक जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ वाहन चलाएं।

जागरूकता और प्रवर्तन पर विशेष जोर

​निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूलों, कॉलेजों, फैक्ट्रियों और विभिन्न संस्थानों में भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी होगी सख्त कार्रवाई

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, धर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 



The post कोटद्वार में चला विशेष चेकिंग अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *