जसपाल नेगी
पौड़ी। खटीमा में वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर मंडल मुख्यालय पौड़ी में भी पत्रकारों में भारी आक्रोश बना हुआ है। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के पदाधिकारियों व सदस्यों ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताते हुए मुख्यमंत्री से जल्द मुकदमा निरस्त करने की मांग उठाई है।
बुधवार को नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स शाखा पौड़ी के पदाधिकारियों व सदस्यों ने एसएसपी कार्यालय के माध्यम से सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी ने कहा कि पत्रकार दीपक फुलेरा ने चकरपुर क्षेत्र में गैस आपूर्ति में हो रही देरी और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर एक ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की थी। आरोप है कि पुलिस ने बिना साक्ष्यों की पुष्टि किए ही पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज इस कथित फर्जी मुकदमे को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही बिना जांच के एफआईआर दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग उठाई। संगठन ने यह भी मांग रखी कि भविष्य में पत्रकारों के खिलाफ किसी भी शिकायत पर राजपत्रित अधिकारी स्तर की जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र न्याय नहीं मिला तो नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को विवश होगा। ज्ञापन में दीपक बड़थ्वाल, करन सिंह नेगी, मुकेश सिंह, रतन मणी भटट, गणेश नेगी, यतेंद्र रावत, पुष्पेंद्र राणा आदि के नाम शामिल थे।
The post पत्रकार पर दर्ज मुकदमा निरस्त करने की उठाई मांग first appeared on Bharat Uday News.