कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल।15वीं वाहिनी एनडीआरएफ, गदरपुर के सेनानी श्री संतोष कुमार के कुशल नेतृत्व में तथा सब-इंस्पेक्टर राजकुमार के निर्देशन में कोटद्वार क्षेत्र में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम (SSP) का सफल आयोजन कराया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत एक ही दिन में दो विद्यालयों में जाकर छात्रों, शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ को सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में एसडीआरएफ उत्तराखंड के एक सब-इंस्पेक्टर एवं तीन जवानों द्वारा भी एनडीआरएफ टीम के साथ सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सर्वप्रथम जे.पी. इंटर कॉलेज, घड़ी घाट, कोटद्वार में किया गया, जहां कुल 342 प्रतिभागी उपस्थित रहे, जिनमें छात्र-छात्राओं के साथ 22 शिक्षक शामिल थे।
इसके उपरांत राजकीय इंटर कॉलेज, सुखरो, कोटद्वार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुल 386 प्रतिभागी लाभान्वित हुए, जिनमें छात्र-छात्राओं के साथ 28 शिक्षक सम्मिलित रहे।
इस प्रकार एक ही दिन में आयोजित इस स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम के माध्यम से कुल 728 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को CPR, FBAO, BLS (Basic Life Support), ब्लीडिंग कंट्रोल, आपदा के समय उपयोग होने वाले इम्प्रोवाइज्ड डिवाइस तथा रोप रेस्क्यू तकनीकों की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ टीम द्वारा सभी विषयों को डेमो एवं प्रैक्टिकल अभ्यास के माध्यम से प्रभावी रूप से समझाया गया।

विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम छात्रों एवं शिक्षकों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपदा अथवा दुर्घटना के समय जान-माल की क्षति को न्यूनतम करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों द्वारा कार्यक्रम की सराहना की गई। भविष्य में भी इस प्रकार के स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम अन्य विद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।
The post कोटद्वार में एनडीआरएफ का स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम सफल, एक दिन में दो विद्यालयों के 728 छात्र-शिक्षक हुए प्रशिक्षित first appeared on Bharat Uday News.