कोटद्वार।नगर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा बहुस्तरीय एवं सतर्क सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड में रहते हुए कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
नगर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों सहित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही नियमित पैदल गश्त, मोबाइल पेट्रोलिंग, रात्रिकालीन भ्रमण तथा सघन चेकिंग अभियान के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की सक्रिय तैनाती की गई है, वहीं सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस द्वारा त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
The post कानून-व्यवस्था को लेकर कोटद्वार में पुलिस की कड़ी चौकसी, पौड़ी पुलिस अलर्ट मोड में first appeared on Bharat Uday News.