होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई, 13 नमूने जांच को भेजे

सोमवार को होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिलावटखोरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। पौड़ी नगर में दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मिठाई, सरसों तेल और जूस सहित 13 नमूने लेकर राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए। निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) पी.सी. जोशी ने बताया कि प्रातः बाहरी क्षेत्रों से आने वाले दूध एवं दुग्ध पदार्थों के वाहनों की जांच की गई। इस दौरान आनंदा और मदर डेयरी के दूध व पनीर के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु भेजे गए। साथ ही नगर की विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के नमूने भी जांच के लिए भेजे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि गत माह खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल द्वारा ‘जय श्री’ ब्रांड सरसों तेल का नमूना निगरानी जांच हेतु भेजा गया था, जो मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। इस प्रकरण में भी विधिक कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत अपर जिलाधिकारी न्यायालय में वर्तमान में 41 वाद विचाराधीन हैं, जिनमें से तीन मामलों में न्यायालय द्वारा संबंधित खाद्य कारोबारियों पर 30-30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सैंपलिंग अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा सहित विभागीय टीम उपस्थित रही।

 

 



The post होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई, 13 नमूने जांच को भेजे first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *