महिला सशक्तिकरण से मजबूत होगा समाज और राष्ट्र : महापौर

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 की पूर्व संध्या पर नगर निगम श्रीनगर के तत्वावधान में रामलीला मैदान श्रीनगर में ‘अलकनंदिनी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर हर्ष व्यक्त किया। महिलाओं द्वारा जिलाधिकारी को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त द्वारा जिलाधिकारी के सम्मान में सम्मान पत्र का वाचन किया गया तथा नगर निगम को प्राप्त उनके सतत सहयोग एवं ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ जैसी पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, समाजसेवा तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 30 महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही नगर निगम श्रीनगर के अंतर्गत कार्यरत पर्यावरण महिला मित्रों को भी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल, उद्यमिता और सामाजिक नेतृत्व जैसे सभी क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। इसलिए महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न सरकारी योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

जिलाधिकारी ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उनके कार्य अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि नगर निगम श्रीनगर महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा महिलाओं को स्वरोजगार, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में ‘चक्रव्यूह’ नाट्य मंचन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी व गायत्री बिष्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक/मंच संचालक शशि पंवार के अलावा पार्षदगण एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

 



The post महिला सशक्तिकरण से मजबूत होगा समाज और राष्ट्र : महापौर first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *