देहरादून। शनिवार को अपनी मांगों को लेकर राजधानी देहरादून में वकीलों ने रैली निकाली। रैली और धरना-प्रदर्शन के चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। वकीलों ने न केवल अदालत का कामकाज ठप किया, बल्कि सड़कों को भी बंद कर दिया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अपनी मांगों के लिए सैकड़ों वकील सुबह प्रिंस चौक से दो कतारों में गांधी रोड, तहसील और दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर पहुंचे। यहां कुछ देर प्रदर्शन कर वापस हरिद्वार रोड पर अदालत के सामने धरनास्थल पर जमा हो गए।
यह मार्च दोपहर 12 बजे तक पूरा हुआ। इस दौरान आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक जाम हो गया। बार एसोसिएशन के सचिव राजबीर बिष्ट ने बताया कि संघर्ष समिति ने सरकार के समक्ष वकीलों की मांगों का प्रस्ताव रखा हुआ है लेकिन उस पर ठोस आश्वासन मिलने का इंतजार बढ़ता जा रहा है। इस बीच सर्वसम्मति से तय हुआ है कि वकील अपने विरोध-प्रदर्शन की समय-सीमा बढ़ाएंगे, जिसके तहत आज धरना प्रदर्शन और रैली निकाली गई। प्रिंस चौक होते हुए घंटाघर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अदालत और रजिस्ट्रार कार्यालय में सभी काम बंद रहे।
The post देहरादून में वकीलों की रैली से सड़कों पर जाम, अदालत और रजिस्ट्रार कार्यालय का कामकाज ठप first appeared on Bharat Uday News.