आर्मी पब्लिक स्कूल, लैंसडौन में विदाई समारोह का आयोजन, अनुराग वर्मा व महक बने मिस्टर–मिस एपीएस

आर्मी पब्लिक स्कूल, लैंसडौन में कक्षा 12वीं (सत्र 2025–26) के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का भव्य आयोजन विद्यालय प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर अनुराग वर्मा एवं महक कुमारी को मिस्टर एपीएस एवं मिस एपीएस के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12वीं के तरुण खत्री एवं दिव्यांशी रावत को मिस्टर फेयरवेल एवं मिस फेयरवेल चुना गया।

 

 

विदाई समारोह का आयोजन कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसमें कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों ने मनमोहक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इसके अतिरिक्त कक्षा 9वीं की छात्राओं परिधि एवं रिद्धिमा द्वारा प्रस्तुत गीत ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा उन्हें विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 12वीं की छात्राएँ यस्मिता एवं महक ने अपने शिक्षकों के प्रति उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा कनिष्ठ विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अंत में, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य  विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से शुभकामनाएँ दीं, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनसे एकाग्रता एवं आत्मविश्वास के साथ आगामी बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होकर विद्यालय की शैक्षिक परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।



The post आर्मी पब्लिक स्कूल, लैंसडौन में विदाई समारोह का आयोजन, अनुराग वर्मा व महक बने मिस्टर–मिस एपीएस first appeared on Bharat Uday News.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *